आजमगढ़। स्मार्ट मीटर के आने से बिजली का नया कनेक्शन लेना आम आदमी के लिए महंगा हो गया था, लेकिन अब ऊर्जा निगम ने गरीब तबके के लोगों को राहत दी है। नया सिंगल फेज कनेक्शन अब पूरी रकम एक साथ जमा करने की बजाय आसान किस्तों में लिया जा सकेगा। जिले में विभिन्न भार के करीब लाख उपभोक्ता हैं। सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगना है लेकिन अभी शहरी क्षेत्र और बाजारों में ही स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है। इसके साथ ही नए कनेक्शन के साथ स्मार्ट मीटर लगने से कनेक्शन का चार्ज बढ़ गया है। उर्जा निगम ने झुग्गी-झोपड़ी वासियों, पटरी दुकानदारों और कमजोर आय वर्ग के लोगों को राहत देने के किस्तों में चार्ज जमा करने की सुविधा शुरू की गई है।
पहले जहां साधारण मीटर का नया कनेक्शन 872 रुपये में मिल जाता था, वहीं स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगने के बाद कनेक्शन शुल्क बढ़कर 6016 रुपये तक पहुंच गया। इस भारी भरकम राशि के कारण गरीब परिवार नया कनेक्शन लेने से कतरा रहे थे। इसे देखते हुए उर्जा निगम ने उनके लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब नया कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन के दौरान ही किस्तों में भुगतान का विकल्प चुना जा सकता है। आवेदक 150 रुपये 60 माह या फिर एक हजार रुपये जमा करके हर महीने 125 रुपये की 60 आसान किस्तों का विकल्प चुन सकता है।