कप्तानगंज। स्थानीय कस्बा में मेहमौनी रोड पर स्थित इलेक्ट्रानिक की दुकान में शनिवार की देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। सुबह टहलने निकले लोगों ने दुकान से धुंआ निकलता देखा तो सूचना दुकानदार को दिया। जब तक दुकान में लगी आग बुझाने का प्रयास शुरू होता तब तक सबकुछ जल कर स्वाहा हो चुका था।
कप्तानगंज कस्बा निवासी चंदन गौंड पुत्र स्व. तिलकधारी गौड़ मेहमौनी रोड पर लक्ष्मी रिपेयरिंग सेंटर के नाम से इलेक्ट्रानिक की दुकान खोल रखा था। रोज की भांति शनिवार की शाम भी वह दुकान बंद कर कुछ दूरी पर स्थित बाबा ढोड़ाई दास की कुटी के पास स्थित मकान पर सोने चला गया। रात में अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। रात का वक्त होने के चलते किसी को इसकी जानकारी भी नहीं हुई। भोर में टहलने व शौच आदि के लिए निकले लोगों ने दुकान से धुंआ निकलता देखा तो चंदन को इसकी जानकारी दी। चंदन भाग कर मौके पर पहुंचा और किसी तरह दुकान का दरवाजा खोला तो अंदर रखा सारा सामान जल कर खाक हो चुका था। पीड़ित के अनुसार पीड़ित के अनुसार अगलगी की इस घटना में दुकान में रखा 10 फर्राटा पंखा, एक दर्जन सीलिंग फैन, एक दर्जन मोटर, बल्ब, वायर कटर मशीन, ड्रिल मशीन समेत लगभग तीन लाख का सामान व गल्ले में रखा चार हजार रुपये नकद जल कर खाक हो गया।