अज्ञात वाहन की टक्कर से गैस गोदाम प्रभारी की मौत
आजमगढ़ जिले के लालगंज कस्बे में बुधवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान 37 वर्षीय मनोज सोनकर के रूप में हुई है, दो घायलों को वाराणसी रेफर किया गया है। मृतक मनोज गैस एजेंसी पर गोदाम प्रभारी का कार्य करते थे।
मनोज सोनकर लालगंज के वार्ड नंबर-11 के निवासी थे। वह इंडियन गैस गोदाम में गोदाम प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। मनोज अपने दो साथियों नागेंद्र यादव और धर्मेंद्र सोनकर के साथ गंभीरपुर थाना क्षेत्र में एक निमंत्रण कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय देर रात उनकी बाइक लालगंज स्थित जिओ पेट्रोल पंप के पास पहुंची। तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात होने के कारण वे काफी समय तक सड़क पर ही पड़े रहे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज सोनकर को मृत घोषित कर दिया। नागेंद्र यादव और धर्मेंद्र सोनकर की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है। दोनों घायलों का इलाज वाराणसी में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देवगांव कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।