आजमगढ़। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को शिक्षा क्षेत्र जहानागंज के प्राथमिक विद्यालय रामपुर दरिया एवं कंपोजिट विद्यालय दौलताबाद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक विद्यालय में ताला बंद मिला तो वहीं दूसरे में आठ शिक्षक व अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए। बीएसए ने दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और खंड शिक्षा अधिकारी जहानागंज को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही समय से जवाब न देने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
बीएसए सुबह करीब 9.05 बजे प्राथमिक विद्यालय रामपुर दरिया में पहुंचे। विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय बंद मिलने पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। इसके बाद वह 9.20 बजे कंपोजिट विद्यालय दौलताबाद का निरीक्षण करने पहुंचे। विद्यालय में कुल 13 शिक्षक, शिक्षा मित्र व अनुदेशक के सापेक्ष मात्र पांच शिक्षक, शिक्षा मित्र उपस्थित पाए गए। जबकि आठ शिक्षक, अनुदेशक अनुपस्थित मिले। बीएसए ने उपस्थित अध्यापकों को निर्देश दिए कि वह मिशन प्रेरणा के लक्ष्य को शत प्रतिशत अपने मोबाइल में अपलोड कर लें और कंपोजिट ग्रांट मद में जो धनराशि विद्यालय को भेजी गई है। उसके सापेक्ष इस वर्ष रंगाई- पुताई का कार्य न कराकर बल्कि कायाकल्प के 14 मानक बिंदुओं के अंतर्गत निर्धारित आवश्यक कार्य को 15 दिन के अंदर कराकर धनराशि नियमानुसार व्यय करें। बीएसए ने बंद मिले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी जहानागंज से भी स्पष्टीकरण मांगा है।