शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद में आठ उत्सव भवनों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत गोपालपुर, अतरौलिया, दीदारगंज, मुबारकपुर, फूलपुर-पवई, लालगंज, मेंहनगर और सगड़ी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा।
इसके लिए जिला पंचायत राज विभाग ने पात्र ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी रामेंद्र कुमार ने बताया कि उत्सव भवन निर्माण के लिए ऐसी ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा, जहां सड़क किनारे कम से कम 3,000 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध हो और वह ऑल वेदर सरफेस रोड (बिटुमिनस, सीसी या इंटरलॉकिंग) से जुड़ी हो।
साथ ही, बस और छोटे वाहनों का आवागमन सुगम होना भी आवश्यक है। चयन प्रक्रिया में उन ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो स्वयं के संसाधनों से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार हों और जहां खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा अन्नपूर्णा भवन का संचालन किया जा रहा हो।
इच्छुक ग्राम पंचायतों को ग्राम पंचायत का प्रस्ताव, भूमि प्रबंधन समिति का प्रस्ताव, नज़री नक्शा और खतौनी की प्रति सहित अपना प्रस्ताव जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, विकास भवन (तृतीय तल), आजमगढ़ में जमा करना होगा।
-
प्रस्ताव के लिए आवश्यक शर्तें
3,000 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध हो।
स्थल ऑल वेदर सड़क (बिटुमिनस/सीसी/इंटरलॉकिंग) से जुड़ा हो।
बस एवं छोटे वाहनों का आवागमन सुगम हो।
स्वयं के संसाधनों से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली ग्राम पंचायतों को वरीयता।
अन्नपूर्णा भवन संचालित ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता।
00
शासन से वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के लिए आठ उत्सव भवनों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाली ग्राम पंचायतें आवश्यक अभिलेखों के साथ प्रस्ताव उपलब्ध कराएं। प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण कर शासन की गाइडलाइन के अनुसार चयन की कार्रवाई की जाएगी। -रामेंद्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी