बलरामपुर। कंधरापुर थाना क्षेत्र के सेहदा गांव में रविवार को पुलिस पार्टी पर हमला करने वाले आठ लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस की तरफ से रविवार को ही मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में सात महिलाएं शामिल हैं। सोमवार को गिरफ्तार आठ हमलावरों के साथ ही घायल एसएचओ समते आठ पुलिस कर्मियों का जिला अस्पताल अस्पताल पर मेडिकल भी कराया गया।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के सेहदा गांव में शनिवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। एक पक्ष ने थाने पर तहरीर भी दी था। जिसके आधार पर पुलिस रविवार को गांव में पहुंची। पहले 112 की टीम पहुंची थी। जिस पर हमला करने वाले पक्ष के लोग हावी हो गये। टीम की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर भी मयदल बल के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने जब तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू किया तो छह महिलाएं लाठी-डंडा लेकर सामने आ गई और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इसमें एसएचओ शिवशंकर, सिपाही घनश्यामयादव, अजय विश्वकर्मा, रामानंद, नागेंद्र, सिकंदर व महिला सिपाही रेनू व लीलावती घायल हो गये। हमलावर महिलाओं की वजह से पुलिस पीछे हट गई। बाद में फोर्स के पहुंचने पर पुन: कार्रवाई की गई और हमला करने वाली सीमा, मीना, शांति, गरिमा, महिमा, उर्मिला, अंशिका व संत विजय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तरफ से भी इनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। सोमवार को कंधरापुर थाना पुलिस ने घायल पुलिस कर्मियों के साथ ही गिरफ्तार किये गये लोगों का भी जिला अस्पताल में मेडिकल मुआयना कराया। एसएचओ शिवशंकर ने बताया कि पुलिस पार्टी पर हमला करने वाले अभी कुछ और लोगों की तलाश है, जिन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।