बलरामपुर। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कंजहित के पास गंभीरावस्था में मिले युवक की हादसे में मौत नहीं हुई थी बल्कि उसकी गला दबा कर हत्या की गई थी। पीएम में इस बात का खुलासा हुआ। वहीं देवगांव कोतवाली पुलिस अभी युवक की मौत को लेकर कुछ भी स्पष्ट करने की स्थिति में नहीं है और बरगलाने में ही जुटी है।
देवगांव कोतवाली के कंजहित गांव के पास सड़क पर एक युवक के पड़े होने की सूचना 108 एंबुलेंस को हुई। इस सूचना पर 108 मौके पर पहुंची और उसे गंभीरावस्था में लेकर सीएचसी टीकरगाढ़ लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखी और जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक 26 वर्षीय उपेंद्र पुत्र देवनाथ मूलरूप से ग्राम मनमाधा थाना रनपूता जिला गया बिहार कर रहने वाला था। 24-25 मार्च को वह लखऊन से घर के लिए चला था। वाराणसी होते हुए वह 10-12 दिन पूर्व वह देवगांव कोतवाली के कंजहित बाजार पहुंच गया। यहां किसी व्यक्ति ने उसे अपने घर पर रोक लिया और मजदूरी कराने लगा। इस बीच शनिवार को उपेंद्र कजहित के पास सड़क पर गिरा पड़ा था। जिला अस्पताल पहुंचने के पहले ही उसकी रास्ते में मौत हो गईथी। सोमवार को उसका पोस्टमार्टम हुआ। जिसमें गला दबा कर हत्या की बात पुष्ट हुई है। हालांकि देवगांव कोतवाली पुलिस ऐसा कुछ होने से इंकार कर रही है। कोतवाल का कहना है कि मृतक मिर्गी का रोगी था और उसक के चलते उसकी मौत हुई है।