आजमगढ़ में दवा लेने मां के साथ ननिहाल से बाजार जाते समय अतरैठ के पास एक मासूम की हादसे में मौत हो गई। ई-रिक्शा पलटने से उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई।
आजमगढ़ जिले के अतरैठ बाजार के पास शुक्रवार को सड़क पर अचानक आए बच्चे को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। बूढ़नपुर बाजार स्थित निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
अंबेडकर नगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के लालमनपुर निवासी सनोज वर्मा का चार वर्षीय पुत्र अभय वर्मा अपनी मां के साथ अतरौलिया थाना क्षेत्र के पलया गांव स्थित ननिहाल आया था। शुक्रवार को अभय अपनी मां के साथ दवा लेने के लिए ई-रिक्शा से देउरपुर बाजार जा रहा था। बताया गया कि ई-रिक्शा अतरैठ बाजार के पास पहुंचा था।
इसी दौरान सड़क पर अचानक एक बच्चा सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ई-रिक्शा पर नियंत्रण खो दिया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में अभय के सिर में गंभीर चोट आई। दुर्घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल अभय को तत्काल बूढ़नपुर बाजार स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
विज्ञापन
चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान ही अभय ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में मां की चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव और ननिहाल पक्ष के लोगों में भी शोक की लहर है।