सगड़ी के मालटारी में रथयात्रा के दौरान श्रीराम,लक्ष्मण, मुनि विश्वामित्र की आरती उतारते लोग। सं
सगड़ी। अयोध्या से निकली सरयू बचाओ जनजागरण रघु भूमि से तपोभूमि श्रीराम रथ यात्रा का मंगलवार को सगड़ी तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। मालटारी, पकवाइनार, जीयनपुर और अजमतगढ़ में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं महर्षि विश्वामित्र का माल्यार्पण करके आरती उतारी तथा जयघोष से माहौल भक्तिमय बना दिया।
अयोध्या से प्रारंभ हुई यह रथ यात्रा सोमवार को महराजगंज स्थित भैरा बाबा धाम पहुंची थी, जहां यात्रियों ने रात्रि विश्राम किया। मंगलवार सुबह यात्रा पुनः प्रारंभ होकर बिलरियागंज, मालटारी, पकवाइनार, जीयनपुर और अजमतगढ़ होते हुए मऊ जनपद की सीमा में प्रवेश कर गई। मालटारी में धीरज राय, डॉ. शशि कुमार मिश्र और कैलाश गिरी, पकवाइनार में गुंजन सिंह और अनिल प्रजापति ने रथ यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर पुष्प वर्षा की और श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। रथ यात्रा के संयोजक पवन सिंह ने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरयू नदी के संरक्षण एवं उसके पुराने स्वरुप के पुनर्जीवन के प्रति जनजागरण करना है। उन्होंने कहा कि पुरानी सरयू नदी का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त होता जा रहा है और उस पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाकर नदी का जीर्णोद्धार किया जाना आवश्यक है। बताया कि जिन स्थानों से महर्षि विश्वामित्र भगवान श्रीराम को लेकर गुजरे थे और जहां उन्होंने प्रवास किया था, उन स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने अजमतगढ़ के ताल सलोना के निकट स्थित जानकीकुंड, काली मंदिर और राम वाटिका जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और विकास की भी मांग की। रथ यात्रा अयोध्या की रघु भूमि से प्रारंभ होकर बिहार के बक्सर स्थित तपोभूमि तक जाएगी। इस दौरान सुरेंद्र सिंह, डॉ. घनश्याम दुबे, हेमंत, विजय, कैलाश गिरी, डॉ. शशि कुमार मिश्र, सुधीर राय, सुरेंद्र सिंह, भानु प्रताप राय, गुंजन सिंह, अनिल प्रजापति, प्रदीप यादव, मुखराम प्रजापति, प्रमोद गुप्ता आदि रहे। बिलरियागंज : नया चौक पर अयोध्या से निकली रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। रथयात्रा में भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम का नेतृत्व पवन सिंह ने किया। इस अवसर पर अभिषेक सिंह, संदीप चौरसिया, संतोष चौरसिया आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।