आजमगढ़। शासन की ओर से नगर निकायों में पेयजल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, रीसाइकलिंग और सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए टाइड ग्रांट की दूसरी किश्त जारी कर दी है। इसके तहत आजमगढ़ नगर पालिका को 2.74 करोड़, मुबारकपुर पालिका को 2.45 करोड़ के साथ ही नगर पंचायतों के लिए भी धनराशि जारी की गई है। जिला प्रशासन ने निकायों को योजना में प्रावधानित नियमों के तहत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। स्वीकृति के बाद ये कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही राज्य वित्त से भी धनराशि जारी की गई है।
इससे पहले जनपद की नगर निकायों के लिए इस योजना के तहत पहली किस्त जारी गई थी। पहली किस्त में सफाई और खुले में शौच मुक्ति, वर्षा जल के संरक्षण और पेयजल संबंधी कार्यों को मंजूरी दी गई थी। वित्तीय वर्ष 2021 में अब दूसरी किस्त जारी की गई है। इसके तहत आजमगढ़ पालिका को 2.74 करोड़ और मुबारकपुर पालिका को 2.45 करोड़ की धनराशि मिली है। जनपद की 13 नगर पंचायतों के लिए भी 4.66 करोड़ की धनराशि मिली है।
एडीएम प्रशासन एवं प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय नरेंद्र सिंह ने बताया कि शासन से जारी हुई धनराशि के सापेक्ष निकायों से कार्ययोजना तलब की गई है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मीटिंग के बाद इन कार्यों को मंजूरी की जाएगी। इसके साथ ही सभी निकायों के लिए राज्य वित्त से मिलने वाली धनराशि भी जारी कर दी गई है। इस धनराशि से वेतन, मानदेय, पेंशन और अन्य देयकों के भुगतान के बाद बची धनराशि का प्रयोग विकास कार्यों में किया जाएगा।