सवरूपुर-भोरमकबूलपुर के बीच नाले पर पुल व सिलनी नदी पर सवरूपुर-बेगपुर के बीच बने पुल का अप्रोच मार्ग ठीक कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को महुआर (तिरंगा) मोड़ पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुल नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाए।
सिलनी नदी के सवरूपुर-बेगपुर के बीच बने पुल का अप्रोच मार्ग से लगभग 50 मीटर मार्ग वर्ष 2005 में बह गया। यह पुल सगड़ी व सदर विधानसभा को जोड़ता है। दो दिग्गज मंत्री के साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का निर्वाचन क्षेत्र है। साथ ही खुटौली गांव के बीच से होकर सवरूपुर-भोरमकबूलपुर के बीच नाले पर ब्रिटिश हुकूमत में पुल था।
देखभाल के अभाव मे पुल का अस्तित्व मिट गया। यह डेढ़ दर्जन गांवों का रास्ता है। पुल के आभाव में लोगों को काफी दूरी तय करनी पड़ती है। सोमवार को ग्रामीणों ने कप्तानगंज-मुहम्मदपुर राजमार्ग पर स्थित महुआर बाजार के (तिरंगा) मोड़ पर प्रदर्शन किया। पुल नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाए।
त्रिवेणी प्रसाद यादव ने कहा कि कई बार मांग की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। दयाराम राम यादव ने कहा कि अगर हमारी समस्याओं का निदान नहीं होता है तो हम विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। सभा को कुमार यादव, रामाश्रय यादव, रामचंद्र यादव, रामधनी यादव, ओमप्रकाश उपाध्याय, राकेश कुमार यादव, राजपति यादव ने संबोधित किया। अध्यक्षता त्रिवेणी प्रसाद यादव, संचालन जगाधरी यादव ने किया।