जिला अस्पताल में निरीक्षण करते डीएम अमृत त्रिपाठी।
- फोटो : AZAMGARH
जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने रविवार को मंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान लावारिस मरीजों के लिए बने वार्ड में मरीजों की बदहाल स्थिति को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने एसआईसी से नाराजगी जताते हुए सभी मरीजों के संबंध में रिपोर्ट मांगी। साथ ही अस्पताल परिसर में कूड़ा फेंकने वाले हरिऔध कालोनी के लोगों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
जिला महिला अस्पताल में पल्स पोलियो दिवस का शुभारंभ करने पहुंचे डीएम अमृत त्रिपाठी अचानक मंडलीय अस्पताल का निरीक्षण करने जा धमके। इस दौरान उन्होंने मर्चरी हाउस से लेकर शेल्टर होम और लावारिस वार्ड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल के अंदर की सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए लेकिन अस्पताल के बाहर गंदगी को दूर करने का निर्देश दिया। इस दौरान वह सीधे मर्चरी हाउस पहुंचे वहां की दुर्दशा को देख उसे दूर करने का निर्देश दिया। इसके बाद वह सीधे अस्पताल के आखिरी हिस्से में पहुंचे जहां बाउंड्रीवाल के पास हरिऔध नगर कालोनी के लोगों की ओर से अस्पताल परिसर में फेंके गए कूड़े को देख कर संबंधित को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। वहां जलभराव को देखते हुए उन्होंने सीवर की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके बाद वह शेल्टर हाउस पहुंचे और वहां की व्यवस्था से काफी संतुष्ट नजर आए। इसके बाद वह सीधे वार्ड पहुंचे जहां मरीजों के परिजनों से पैसे लेने या बाहर की दवा मंगाने के संबंध में पूछा लेकिन सभी ने इंकार किया। इसके बाद लावारिश हाल में भर्ती मरीजों के वार्ड में पहुंचे। जहां तीन मरीज भर्ती थे। उन्होंने उनकी स्थिति देखी तो नाराजगी जताई और एसआईसी से तीनों मरीजों के संबंध में पूरी रिपोर्ट मांगी। साथ ही कहा कि अगर उनकी बिमारी का इलाज यहां नहीं हो सकता है उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर करें।
0
अस्पताल के सामने से दुकानों को हटाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद नगर कोतवाल डीके श्रीवास्तव को जिलाधिकारी ने अस्पताल के बाहर अनाधिकृत रूप से लगी दुकानों को हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर पार्किँग बनाई जाएगी। साथ ही किसी भी चार पहिया वाहन अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाए। अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करें।