घाघरा नदी का जोकहरा रिंग बांध टूटटे के बाद पानी के बहाव को रोकने की कोशिश करते ग्रामीण।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। घाघरा नदी की सहायक नदी छोटी सरयू नदी पर बना जोकरहा बांध घाघरा नदी से 500 मीटर पहले टेकनपुर गांव में 20 से 25 मीटर लंबाई में रविवार की रात टूट गया। इससे पानी काफी तेजी से गांव की तरफ बढ़ रहा है। इसकी जानकारी होने पर मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और डीएम राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर टूटे हुए जोकहरा बांध का निरीक्षण किया।
डीएम राजेश कुमार ने बताया कि जो जोकहरा बांध के मरम्मत करने का कार्य चल रहा है और शाम तक पूरा भी कर लिया जाएगा। बचाव राहत कार्य भी शुरू कर दिया गया है। टेकनपुर ग्राम पंचायत के दो ग्राम की आबादी प्रभावित होने की आशंका है। गांव में फंसे ग्रामीणों को लाने के लिए नावों की व्यवस्था कर दी गई है। आश्रय स्थल पर ग्रामीणों के लिए पूरी व्यवस्था की गई है। 12 से 13 ग्रामों के फसल नुकसान हो सकता है उन ग्रामों के फसलों की क्षति का आंकलन करने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने एसडीएम सगड़ी को निर्देश दिया कि जोकहरा बांध टूटने से अब तक कितने गांव प्रभावित हैं एवं कितने ग्रामों में अभी पानी नहीं पहुंचा है उसका आंकलन कर लें। जिन गांव में पानी नहीं पहुंचा है वहां लाउड हेलर से सूचित करें कि जो ग्रामीण आश्रय स्थल पर आना चाहते हैं वे नाव से आश्रय स्थल पर आ जाएं। साथ ही ग्रामीणों को लाने के लिए पर्याप्त नाव की व्यवस्था और ग्रामीणों के लिए आश्रय स्थल पर लंच की व्यवस्था कराएं। डीएम ने कहा कि राहत बचाव कार्य में सभी विभागों का सहयोग लिया जा रहा है। एडीएम वित्त एवं राजस्व गुरुप्रसाद, एसडीएम सगड़ी, तहसीलदार सगड़ी, एक्सीएन बाढ़ खंड आदि उपस्थित थे।