मेंहनगर। थाना क्षेत्र के तितिलिया पार स्थित श्रीराम कटरा में सोमवार की रात चोरों ने डीजे की दुकान का शटर काटकर लाखों का सामान चोरी कर लिया। दुकान संचालक रहिला (तितिलिया पार) निवासी गौतम राम रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर गया था, लेकिन देर रात चोरों ने ताला तोड़ने के साथ ही शटर को काटकर दुकान में प्रवेश कर लिया।
मंगलवार सुबह करीब 6 बजे पड़ोसी दुकानदार ने शटर कटे होने की सूचना गौतम राम को दी। दुकान पर पहुंचते ही मालिक शटर की स्थिति देख दंग रह गया। सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची और शटर ऊपर उठाकर अंदर का निरीक्षण किया। सामान मिलान करने पर पता चला कि दुकान से डीजे मशीन 5, मिक्सर मशीन 3, स्पीकर 1, डिस्को फूल मशीन 1, माइक्रोफोन 4, स्टैबलाइजर 1 समेत लगभग चार से पांच लाख रुपये का सामान चोरी हो चुका है। घटना की जानकारी मिलने पर उपनिरीक्षक आदिल खां और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूतों की जांच की। दुकानदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मेंहनगर थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया तहरीर मिली है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।