कमिश्नरी कार्यालय के सभगार में बैठक को संबोधित करते मंडलायुक्त वीवी पंत।
- फोटो : AZAMGARH
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने लक्ष्य से कम राजस्व वसूली करने पर तीन अधिकारियों के विरुद्ध सख्त रवैया अपनाते हुए चेतावनी दी। कहा कि दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उक्त निर्देश मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बुधवार को देर शाम अपने कार्यालय के सभागार में कर करेत्तर वसूली एवं अन्य राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान दी।
मंडलायुक्त ने कहा कि संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए उनके कार्रवाई के लिए कमिश्नर वाणिज्य कर को संस्तुति भेजी जाए। इसी प्रकार आबकारी विभाग द्वारा की गई वसूली की समीक्षा में पाया गया कि मंडल के जनपदों में न तो अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध कोई बड़ी कार्रवाई की गई है और न ही अवैध शराब पकड़ी गई है। जिसपर नाराजगी व्यक्त करते हुए उप आबकारी आयुक्त को चेतावनी निर्गत करने के लिए निर्देश दिए। विद्युत देयों की वसूली की समीक्षा में आजमगढ़ एवं बलिया में वसूली अच्छी है, लेकिन मऊ में विद्युत देयों की वसूली की स्थिति विगत कई माह से खराब बनी हुई है। जबकि पूर्व में कई बार वसूली बढ़ाने के लिए निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए विद्युत विभाग के प्रबंध निदेशक को अवगत कराए जाने का निर्देश दिया। बैठक में अपर आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार मिश्र, बीपी सिंह एवं आरके सिंह, मुख्य अभियंता, विद्युत अनूप कुमार आदि अधिकारी उपस्थित थे।
बलिया में चकबंदी वादों का निस्तारण कम
आजमगढ़। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने अन्य बिंदुओं की समीक्षा के दौरान बलिया में चकबंदी वादों का निस्तारण कम मिलने पर संबंधित अधिकारियों को इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों के शीघ्र पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी दशा में पेंशन प्रकरण अधिक समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए। मंडलायुक्त ने वाहन कर की वसूली बढ़ाए जाने के संबंध में निर्देश दिया। उन्होंने आरटीओ तथा डीआईजी स्टाम्प को निर्देश दिया कि 17 दिसंबर आजमगढ़, 18 को मऊ एवं 20 दिसंबर को बलिया में संबंधित अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) से संपर्क कर आरसी का मिलान कर लें, ताकि तद्नुसार आरसी की वसूली हो सके।