आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षकों के धरने के कारण जिला विद्यालय निरीक्षक दस दिनों से अपने कार्यालय नहीं जा पा रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की थी। शनिवार को शहर कोतवाली पुलिस के पहुंचने के बाद वह अपने कार्यालय पहुंचे। इतने दिनों तक वे दूसरे कार्यालयों में बैठ कर अपना कार्य निपटा रहे थे।
डीआईओएस कार्यालय पर माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए कई दिनों से धरनारत है। धरनारत शिक्षक काफी आक्रोशित है और समस्या का समाधान जब तक नहीं होता तब तक आंदोलन की रणनीति बनाए हुए है। कार्यालय के मुख्य गेट पर ही शिक्षकों ने आसन जमा रखा है। उनके उग्र तेवर को देखते हुए डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा लगभग दस दिनों से अपने कार्यालय नहीं आ रहे थे। अन्य कार्यालयों में बैठ कर विभागीय कार्य निपटाते रहे। स्थिति ये रही कि उन्हें कार्यालय आने के लिए प्रशासन से सुरक्षा की मांग करनी पड़ी। शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केके गुप्ता ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर गई थी। एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक ने सुरक्षा की मांग की थी। इस पर शहर कोतवाली पुलिस को डीआईओएस कायालय पर भेजा गया था। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा का कहना है कि शिक्षक नेता उग्र हैं और अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। मगर पुलिस के आने की मुझे जानकारी नहीं है।
डीआईओएस हमारे मुखिया : बृजेश राय
आजमगढ़। शिक्षक नेता बृजेश राय ने बताया कि कई दिनों से डीआईओएस कार्यालय नहीं आ रहे थे। वो हम शिक्षकों के मुखिया है और हम उनके मातहत है। अपनी समस्याओं के निदान को लेकर यहां आंदोलन कर रहे हैं। उन्हें हमशे कैसा खतरा हो सकता है। शनिवार को वे भारी संख्या में पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कार्यालय पहुंचे।