आजमगढ़। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) के तहत जिले में सोमवार को व्यापक अभियान चलाया जाएगा। सुबह नौ बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में डीएम और सीएमओ द्वारा छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।
सीएमओ डाॅ. एनआर वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत जिले के सभी 22 विकासखंडों में एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 2319973 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान बच्चों को एल्बेंडाजोल 400 एमजी की गोली खिलाई जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को पेट के कीड़ों से होने वाली समस्याओं से बचाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति में सुधार करना व स्वस्थ शारीरिक विकास सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के नोडल डिप्टी सीएमओ डाॅ अविनाश झा ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा व बाल विकास विभाग की टीमों को भी सक्रिय किया गया है। जिले में 4280 आशा कार्यकत्री, 5588 आंगनबाड़ी कार्यकत्री, 3079 राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों और 3054 निजी विद्यालयों के शिक्षकों को अभियान के लिए प्रशिक्षित किया गया है। सीएमओ ने जानकारी दी कि 10 अगस्त को विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।