आजमगढ़। शासन से जिले के 2706 परिषदीय और 806 माध्यमिक स्कूलों से खेल सुविधाओं की रिपोर्ट मांगी गई है। स्कूल प्रबंधन को बेहतर प्रदर्शन करने वालों के खिलाड़ियों के साथ ही संसाधनों का ब्योरा विभाग के पोर्टल पर अपडेट करना होगा।
जिले के सभी स्कूल अपने यहां खेल शिक्षक, मैदान और खेल सुविधाओं से जुड़े विवरण पोर्टल पर स्कूल अपलोड करेंगे। इससे जिला, मंडल और राज्य स्तर पर अलग-अलग खेलों की टीम तैयार हो सकेंगी। एक विद्यालय एक खेल योजना के तहत स्कूलों से अच्छे खिलाड़ियों की टीम तैयार होगी। सरकारी व मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्पोट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम शुरू किया गया है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने इसके लिए दिशा निर्देश दिए हैं। एडी बेसिक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि शासन की मंशा है कि खिलाड़ियों को पूरा ब्योरा पोर्टल पर रहे। ताकि जरूरत पढ़ने पर खिलाड़ियों को चयन के लिए बुलाया जा सके। बार-बार स्कूल से पूछने से छुटकारा मिल जाएगा। जिले के सभी विद्यालयों का पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पोर्टल पर स्कूल में खेल शिक्षक, मैदान और अन्य खेल सुविधाओं से जुड़े विवरण अपलोड करने होंगे। इसके तहत विद्यालय एक दूसरे के खेल संसाधनों का उपयोग भी कर सकेंगे।