सगड़ी। तहसील क्षेत्र के मालटारी स्थित श्री गांधी पीजी कॉलेज के छात्र-नेताओं ने छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर शुक्रवार को विद्यालय गेट के सामने जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग को जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। कहा कि जल्द छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित की जाए। सूचना पाकर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आश्वासन देखकर चक्का जाम समाप्त कराया।
श्री गांधी पीजी कॉलेज मालटारी के छात्र नेताओं ने छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर शुक्रवार को नारेबाजी करते हुए विद्यालय गेट के सामने जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग जाम कर दिया। जाम दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक चला। पुलिस के आने के बाद छात्रों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कौशलेंद्र विक्रम मिश्र से वार्ता कर ज्ञापन सौंपा। छात्र नेता छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर एसडीएम सगड़ी और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप चुके हैं। फिर भी तिथि घोषित नहीं होने पर अब धरना-प्रदर्शन भी शुरू हो गया है। प्राचार्य डॉ. कौशलेंद्र विक्रम मिश्र ने बताया मांगों को आगे पहुंचा दिया जाएगा। एसडीएम से वार्ता की जाएगी। अगर छात्र संघ चुनाव कराने की अनुमति मिल जाती है तो चुनाव संपन्न करा दिया जाएगा। इस मौके पर छात्र नेता जगदीश कुमार, विशाल कुमार, कुंदन सिंह, अभिषेक सिंह, अरुण यादव, अमित, नकुल आदि लोग मौजूद थे।
छात्रों प्राचार्य के खिलाफ किया प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा
बूढ़नपुर। जीएसएस पीजी कालेज कोयलसा के छात्रों ने प्राचार्य पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए एसडीएम बूढ़नपुर अरविंद सिंह को ज्ञापन सौंपा। कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा कि प्राचार्य ने छात्रों के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। अकारण मारा-पीटा। ज्ञापन देने वालों में प्रवीण प्रताप सिंह, नौरत्न, चंदन पटेल, नितिन सिंह, शिखान्त सिंह,करन सोनकर, हिमांशु सिंह, विशाल यादव, अमन यादव, शिवम सिंह, रजनीश प्रजापति,प्रतीक दूबे थे। वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जेपी मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को बाहरी तत्वों ने कॉलेज परिसर से बाहर निकाला गया था। वे महाविद्यालय में गुंडागर्दी और छात्राओं के साथ बदतमीजी करते हैं। इसकी शिकायत छात्राओं ने की थी। महाविद्यालय परिसर में किसी भी बाहरी छात्र का प्रवेश नहीं होगा। कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन और नारेबाजी की जा रही है। एसडीएम अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में इस समय परीक्षा चल रही है। परीक्षा समाप्त होने के बाद महाविद्यालय सुचारु रूप से संचालन किया जाएगा।