मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर रद्द करने की मांग को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
कुंवर सिंह उद्यान से जुलूस निकालकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मानव शृंखला बनाकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी संतोष श्रीवास्तव को सौंपा।
ज्ञापन में पीलीभीत और आजमगढ़ की मतदाता सूची में गड़बड़ियों के आधार पर पूरे प्रदेश की मतदाता सूची की गहन जांच कराने तथा देश में कानून, सुरक्षा और न्याय का राज कायम करने की मांग की गई।
भाकपा जिला सचिव जितेंद्र हरि पांडेय ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। इसके बावजूद चुनाव आयोग की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
भाकपा उत्तर प्रदेश राज्य परिषद के सदस्य हामिद अली ने आरोप लगाया कि मतदाता आवेदन फॉर्म-6 में कथित हेरफेर से चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं। प्रदेश में जल्द पंचायत चुनाव कराने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर मानव शृंखला बनाकर ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’, ‘लोकतंत्र में तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ के नारे लगाए।
प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश किसान सभा के अध्यक्ष इम्तेयाज बेग, रामाज्ञा यादव, मंगलदेव, मोहम्मद शेख ओबेदुल्ला, बालेदीन यादव, खरपत्तू राजभर, लालचंद यादव, हीरालाल चौहान, प्रमिला और रूना आदि मौजूद रहे।