बरदह क्षेत्र में फाल्ट को ठीक करता लाइनमैन।
आजमगढ़। उमस भरी गर्मी में जनपद की में बिजली व्यवस्था फिर से चरमरा गई है। बीते 24 घंटे में बिजली की मांग 93 मेगावाट घट गई फिर भी सठियांव, फूलपुर और कप्तानगंज डिवीजन में सुबह छह से 10 बजे तक 32 बार फीडर ट्रिप किया। औसतन एक घंटे में सात से आठ बार बिजली की आवाजाही लगी रही।
कुछ यही हाल रात आठ से 12 बजे रात तक का भी है। ओवरलोड के कारण लोकल फाल्ट ज्यादा आ रहे हैं। बिजली निगम के अभियंता शहर में 20 घंटे और ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली आपूर्ति करने का दावा कर रहे हैं। हालांकि, हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। सुबह छह से 10 बजे तक बिजली नहीं रहने के कारण दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं, रात में आठ से 12 बजे तक बिजली नहीं रहने से नींद प्रभावित हो रही है। नीट और अन्य परीक्षाओं की तैयारी में लगे अभ्यर्थी ज्यादा परेशान: चंडेश्वर और जहानागंज उपकेंद्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई है। रात में कई बार बिजली सिर्फ दो से तीन मिनट के लिए आती है और फिर घंटों-घंटों तक गायब हो जाती है। छात्र विकास सिंह, अनुभव सिन्हा, आलोक कुमार ने बताया कि नीट और अन्य परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित हो रही है। श्रीदुर्गा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, दुर्गाजी स्नातकोत्तर महाविद्यालय व डेंटल कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को रात भर जागना पड़ रहा है।