शारदा-शिवपुर मार्ग पर स्थित चपरी पुल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर सोमवार की देर रात बुलेट सवार युवक की मौत हो गई। वह बहन के शादी का कार्ड छपवाने के लिए घर से निकला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव निवासी राजकुमार यादव (35) सोमवार को अपनी बहन के शादी का कार्ड छपवाने बाइक से परशुरामपुर बाजार जाया था। रात लगभग दस बजे वह वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान शारदा-शिवपुर मार्ग पर स्थित चपरी पुल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर जब तक पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दिया। आठ साल पूर्व 13 दिसंबर को ही राजकुमार के छोटे भाई अनिल यादव की स्कूल जाते समय सड़क हादसे में मौत हो गई थी। मृतक एक पुत्र व एक पुत्री का पिता था। घर पर चल रही बहन की शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो र्गइं।