बलरामपुर। शहर कोतवाली के कोल पांडेय निवासी एक युवक की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। सिर व कंधे पर जलने का निशान देख परिजनों ने करंट से मौत की आशंका जताई है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोल पांडेय गांव निवासी इंद्रजीत यादव (27) सोमवार की रात अपने कमरे में जमीन पर कूलर के पास सो रहे थे। देर रात लगभग दो बजे इंद्रजीत का आठ माह का बच्चा रोने लगा तो पत्नी मंजू की नींद खुल गई। वह पति को जगाने लगी तो वह नहीं उठे। सिर व कंधे पर जले का निशान देख कर चिल्लाने लगी।
चीख सुनकर परिवार के लोग भाग कर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परिजन इंद्रजीत को जमीन से उठा कर बिस्तर पर किए तो सिर व कंधे पर करंट से जलने का निशान देखा। परिजनों ने आशंका जताया कि कूलर में उतर रहे करंट से इंद्रजीत की मौत हुई होगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक आठ माह के पुत्र का पिता था।