Azamgarh News: जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला। वह घर पर बाजार जाने की बात कहकर निकला था। इधर, औघड़गंज के पास तालाब में दो दिन बाद शव मिला।
आजमगढ़ जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के नवबरार देवारा जदीद किता दोयम गांव निवासी एक युवक का शव मंगलवार सुबह तालाब में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक दो दिन पहले घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
नवबरार देवारा जदीद किता दोयम गांव निवासी जयप्रकाश यादव (42) 12 जुलाई को घर से बाजार जाने के लिए निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अगले दिन रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह औघड़गंज बाजार से लगभग 200 मीटर पूर्व गोवर्धन ढाल के पास स्थित तालाब में एक शव उतराता दिखाई दिया।
विज्ञापन
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान जयप्रकाश यादव के रूप में की। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर महाराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़े थे।
वह स्कूली बस चालक के रूप में कार्य करने के साथ ही खेती-बाड़ी भी करते थे। उनकी शादी हुई थी, लेकिन करीब तीन वर्ष पहले पत्नी से अलगाव हो गया था। थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि तालाब से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।