जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बेरमा गांव निवासी एक युवक का हत्या कर फेंका हुआ शव कंधरापुर थाना क्षेत्र के दुल्लापार गांव के पास सिक्स लेन के किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक दुल्लापार गांव स्थित अपने ननिहाल में छोटे भाई के साथ रहता था और गांधी पीजी कालेज मालटारी में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था।
बेरमा गांव निवासी विशाल यादव (20) पुत्र जवाहर यादव के माता-पिता रोजीरोटी के लिए दिल्ली रहते हैं। इसके चलते विशाल अपने छोटे भाई अभिषेक के साथ अपने ननिहाल कंधरापुर थाना के दुल्लापार गांव में रहता था। नाना छविलाल के यहां रह कर दोनों भाई पढ़ाई करते थे। विशाल गांधी पीजी कालेज में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। शनिवार को बेरमा गांव में किसी के यहां तेरही भोज था जिसमें शामिल होने के लिए दोनों भाई बेरमा गांव गए हुए थे। विशाल के साथ उसके ननिहाल का रहने वाला दोस्त अमन सिंह भी गया हुआ था। तेरही भोज में शामिल होने के बाद विशाल अपने मित्र अमन के साथ ननिहाल दुल्लापार के लिए निकल गया। जबकि छोटा भाई अभिषेक बेरमा में ही रुक गया। सुबह विशाल का शव दुल्लापार के पास से गुजरे सिक्स लेन पर पड़ा मिला। गले में रस्सी से दबाने का निशान भी था। विशाल का मोबाइल भी ऑफ होने पर छोटे भाई अभिषेक ने अमन के मोबाइल पर फोन किया तो उसने बताया कि विशाल टहलने के लिए गया हुआ है। वहीं कुछ देर बाद लोगों ने विशाल का शव सड़क पर पड़ा देखा और सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस विशाल के मित्र अमन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी हुई है।