निजामाबाद। दत्तात्रेय धाम पर तमसा व कुंवर नदी के संगम पर मंगलवार को डूबे युवक की लाश 24 घंटे बाद बुधवार को दिन में गोताखोरों ने बरामद कर लिया। वहीं युवक की लाश मिलने के बाद भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उसने तीन लोगों को नामजद किया है।
निजामाबाद थाना के परानपुर गांव निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र चौहान पुत्र रघुवर मंगलवार को कुछ युवकों के साथ दत्तत्रेय धाम पर गया था। यहां वह संदिग्धावस्था में नदी में डूब गया। वह नदी में कैसे गिरा इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। कुछ युवक नदी में तैर कर उसकी तलाश भी शुरू कर दिया। देर शाम तक उसकी खोज नदी में की गई लेकिन शव बरामद नहीं हो सका था। बुधवार की सुबह जिला मुख्यालय से गोताखोर बुलाए गए। इसके बाद धर्मेंद्र का शव 24 घंटे बाद मौके से दो सौ मीटर दूर बरामद किया गया। शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। भाई हरेंद्र ने हत्या की आशंका जताते हुए तीन के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी। उसने बताया कि नामजद किए गए लोग उसके भाई को आटो से दत्तात्रेय धाम ले गए और हत्या कर नदी में शव को फेंक दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।