फूलपुर कोतवाली के बिलारमऊ में ट्रक के चपेट में आने मौ के बाद सड़क जाम करते ग्रामीण।
- फोटो : AZAMGARH
अंबारी। मंगलवार की सुबह दूध व सब्जी बेचने शाहगंज जा रहे साइकिल सवार चाचा-भतीजा को पीछे से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया। भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चाचा को गंभीरावस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा फूलपुर क्षेत्र के बिलारमऊ बाजार में हुआ। आक्रोशित लोगों ने मौके पर ही शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। दो घंटे बाद पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर जाम समाप्त करवाया।
खानपुर बिलारमऊ निवासी अर्जुन यादव (18) पुत्र कन्हैया यादव अपने चाचा हरिराम यादव के साथ मंगलवार की सुबह साइकिल से सब्जी व दूध बेचने के लिए जौनपुर जनपद के शाहगंज बाजार जा रहा था। दोनों अलग-अलग साइकिल से थे। अभी वे बिलारमऊ बाजार में पहुंचे थे कि पीछे से आ रही ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में भतीजे अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चाचा हरिराम गंभीर रुप सेे घायल हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा और मृतक के शव को आजमगढ़-लखनऊ मार्ग पर रख कर चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना पर एसडीएम रावेंद्र सिंह, सीओ जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए। काफी समझाने बुझाने पर लोग शांत हुए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।