ट्रैक्टर की चपेट में आकर साइकिल सवार छात्रा की मौत
वासूपुर गांव के पास कोचिंग पढ़ कर घर जाते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बासूपार गांव के पास सोमवार की शाम ट्रैक्टर की चपेट में आकर साइकिल सवार छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
मुबारकपुर थाना के नैठी गांव निवासी पूनम मौर्या (22) पुत्री रामकिशुन मौर्या सोमवार की शाम साइकिल से जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक कोचिंग में गई थी। कोचिंग खत्म होने पर वह घर लौट रही थी। बासूपार गांव के पास ही पहुंची थी कि ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पूनम गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर जीयनपुर कस्बा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर शाम हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उसे जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में लाकर भर्ती कराए जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। मृतका तीन बहन व एक भाई में सबसे बड़ी थी। मौत के बाद परिजन शव लेकर जीयनपुर कोतवाली पहुंचे तो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया गया।
बाइक के धक्के से घायल वृद्ध की मौत
आजमगढ़। फूलपुर कस्बा स्थित स्टेंट बैंक के पास सोमवार को दिन में बाइक की चपेट में आकर 60 वर्षीय इंद्रबली पुत्र स्व. भुलई निवासी बहाउद्दीनपुर गंभीररुप से घायल हो गया। घटना के समय वह बैंक पर पैसा निकालने गया था। सूचना पर परिजन उन्हें प्राइवेट अस्पताल लाकर भर्ती कराया जहां सोमवार की रात 11 बजे वृद्ध की मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो पुत्र व एक पुत्री का पिता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।