मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के उनापुर गांव में रविवार की सुबह जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट के मामले में घायल युवक की मौत हो गई। जबकि उसके बेटे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डाक्टर ने उसकी भी हालत गंभीर बताई है। घटना के संबंध में पुलिस युवक के पिता से तहरीर लेकर दो महिलाओं सहित छह के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उनापुर गांव निवासी रामाश्रय (35) पुत्र बद्री का गांव के कुछ लोगों से जमीन विवाद चलता था। इन दिनों रामाश्रय अपने मकान का निर्माण करवा रहा था। रविवार की सुबह पड़ोसी गौरीशंकर की पत्नी सुग्गा देवी डंडे से ईंट की दीवार गिरा दी। इस पर रामाश्रय ने दीवार गिराने का कारण पूछा तो नाराज होकर गौरीशंकर और उसके बेटे लाठी-डंडे से रामाश्रय पर टूट पड़े। बचाव करने में उसके बेटे आकाश (18) को लहूलुहान कर दिए।
घरवालों की चीख पुकार सुनकर पड़ोसी भागकर पहुंचे और मामले में बीच बचाव कर घायलों को सीएचसी मेहनाजपुर में भर्ती कराए। डाक्टर ने पिता-पुत्र की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डाक्टरों ने परीक्षण कर रामाश्रय को मृत घोषित कर दिया।
जबकि आकाश का इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में रामाश्रय के पिता बद्री से तहरीर लेकर मेहनाजपुर थाने की पुलिस ने गौरीशंकर, उसकी पत्नी सुग्गा देवी, पुत्र कमलेश, धर्मेंद्र, लाला और बहू प्रियंका देवी के विरुद्ध हत्या, मारपीट, दहशत फैलाने, धमकी देने और घर में घुसकर मारपीट करने की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की। एसओ मेहनाजपुर प्रदीप चौधरी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।