सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली इलाके में बिहार की युवती के साथ बुधवार की रात हुए गैंगरेप मामले में शुक्रवार को पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलात्कार की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने शक के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
बिहार के गोपालपुर जिले की 18 वर्षीय युवती अक्सर गुरुवार को अंबेडकरनगर जिले के बसखारी स्थित मजार पर जाती थी। गुरुवार की रात वह मां और भाई को रोडवेज से बसखारी जाने वाली बस में बैठाकर खुद घर जाने लगी।
युवती रात करीब दो बजे आटो रिक्शा में बैठकर रेलवे स्टेशन जा रही थी। ऑटो में युवती के अलावा चालक सहित दो युवक मौजूद रहे। पीड़िता के अनुसार, ऑटो में सवार युवकों ने नशीला पदार्थ सूंघाकर बेहोश कर दिया और गैंगरेप किया। युवती नरौली के पास स्थित एक कालोनी में बेहोश पड़ी थी।
पुलिस युवती को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराई लेकिन हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जहां सघन इलाज के बाद उसके हालत में सुधार हुआ। वाराणसी के डाक्टर की रिपोर्ट के मुताबिक उसके साथ बलात्कार हुआ है।
उधर मामला मीडिया के समक्ष आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात ऑटो चालकों के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी रही। सूत्रों की माने तो पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए मुखबिरों का सहारा ले रही है। इस दौरान तीन लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
वाराणसी से आई मेडिकल रिपोर्ट में युवती से बलात्कार की पुष्टि हुई है। पुलिस घटना के सच का पता लगा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। - कुंतल किशोर, एसपी