दो वर्ग के लोग आमने सामने, फोर्स तैनात
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भोरमऊ गांव में रविवार की शाम गेहूं के खेत में भैंस के जाने को लेकर उपजे विवाद में मनबढ़ों ने अधेड़ को पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद दो वर्ग के लोग आमने-सामने हो गए और टकराव की नौबत आ गई। एसपी दयानंद मिश्रा कई थानों की फोर्स और पीएसी लेकर पहुंच गए, पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत तो हो गया लेकिन तनाव देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस अधेड़ को अस्पताल में भर्ती कराई। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
भोरमऊ गांव निवासी शब्बू गेहूं का बोझ बधवा रहे थे। तभी राजभर बस्ती के लड़कों की भैंस खेत में चली गई। नाराजगी जताते हुए शब्बू और उसके घरवालों ने कुछ लड़कों को थप्पड़ मारते हुए भाग जाने को कहा। लड़कों में कहासुनी होने लगी और वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। उधर से गुजर रहा राममूरत राजभर (40) वहां पहुंच गया। राममूरत के आते ही शब्बू के समर्थक उस पर लाठी-डंडे से हमला कर घायल कर दिए।
चोट लगने से राममूरत बेहोश होकर गिर गया। यह बात राजभर बस्ती वालों को हुई तो महिला-पुरुष लाठी-डंडा लेकर उस तरफ चल दिए। उधर शब्बू की बस्ती के लोग भी काफी तादाद में आ गए। सूचना मिलने पर कोतवाल फूलपुर अनिल तिवारी ने उच्चाधिकारियों को सूचित करते हुए तत्काल मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में वहां एसपी दयानंद मिश्रा, एसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह, सीओ एसके सिंह कई थानों की फोर्स लेकर पहुंच गए।
घटना के संबंध में राममूरत की पत्नी रीता देवी ने शब्बू के अलावा नवाब, अरबाज, मो. अशद, इश्तेयाक, सुफियान, कलाम को नामजद और आधा दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक दयानंद मिश्रा ने बताया कि मौके पर पुलिस और पीएसी तैनात है। नामजद सातों आरोपी गिरफ्तार हैं। अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है।