निजामाबाद थाना क्षेत्र के सिवली गांव के पास सोमवार रात साढ़े नौ बजे बीमार रिश्तेदार को भोजन लेकर जा रहे युवक को तमंचे से भयभीत कर बदमाशों ने बाइक, दो हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। बाइक सवार दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। रात को ही थाने पहुंचकर युवक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी है।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पिपरहां गांव निवासी संजय सिंह पुत्र अवधेश की रिश्तेदारी तहबरपुर थाने के खाजेपुर गांव में है। संजय ने बताया कि दो दिन पहले उनका रिश्तेदार सड़क हादसे में घायल हो गया। शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार को वह मरीज को देखने गए थे।
इसके बाद संजय खाजेपुर गांव गए और रात को भोजन लेकर अस्पताल जा रहे थे। रात साढ़े नौ बजे निजामाबाद-सिधारी मार्ग पर स्थित सिवली गांव के पास भदुली पुल पर पहुंचे कि वहां बाइक सवार दो युवक पहले से मौजूद थे। वे संजय को देखने के बाद तमंचा लहराते हुए बाइक रुकवाई।
रुकते ही तमंचा कनपटी पर सटाकर बाइक, दो हजार रुपया और मोबाइल लूट ली और निजामाबाद की तरफ फरार हो गए। संजय करीब नौ किलोमीटर पैदल चलकर निजामाबाद थाने पहुंचा और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। एसओ निजामाबाद सुरेश चंद ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।