नई मंडी चौकी क्षेत्र के मौसमगढ़ गांव के पास सोमवार रात बाइक सवार दो भाइयों को बाइक सवार तीन लोगाें ने ओवरटेक कर गोली मार दी।
बाइक चला रहे युवक के सीने में गोली लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे मेरठ रेफर किया गया है। बड़े भाई ने तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को संदेह है कि रंजिशन गोली मारी गई है।
नई मंडी चौकी प्रभारी रामनिवास ने बताया कि बुढ़ाना गांव थाना जहांगीराबाद निवासी अनिल पुत्र सत्यप्रकाश ने एफआईआर दर्ज कराई है। बताया है कि उसका छोटा भाई सुनील नोएडा स्थित वोडाफोन कंपनी के ऑफिस में काम करता है।
सोमवार रात वह गांव लौट रहा था। इसी दौरान वह अनिल को बुलंदशहर में मिल गया। इसके बाद दोनों एक बाइक पर सवार होकर की तरफ चल दिए।
जब उनकी बाइक मौसमगढ़ के पास पहुंची तो एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। फिर उनकी बाइक की चाबी निकालकर बिना विवाद के मारपीट करने लगे।
विरोध करने पर हमलावरों में से एक ने तमंचा निकालकर सुनील के सीने में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी भाग गए।