रानी की सराय क्षेत्र में मंगलवार की रात हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद भी पुलिस के मौके न पहुंचने के विरोध में बुधवार को जयनगर चौक पर जाम लगाए लोगों ने दिन में 11.30 बजे के करीब पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें एक दरोगा और सिपाही घायल हो गए। हालत बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठियां भांजने के साथ रबर की गोलियों से फायरिंग की जिससे तीन लोग घायल हो गए। बाद में एसपी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और हालत पर काबू किया। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। साथ ही घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बवाल में कुल पांच लोग घायल हुए हैं।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के गंजोर गांव निवासी रोहित राम (20) पुत्र पुजारी मंगलवार को छत्तीसगढ़ पुलिस में तैनात अपने बड़े भाई दीनानाथ (30) और सिधारी थाना क्षेत्र के छतवारा गांव निवासी अपने भांजे अरुण कुमार (17) पुत्र सूर्यभान के साथ बाइक से घर लौट रहा था। बाइक रोहित चला रहा था लेकिन उसने हेलमेट नहीं पहना था। शाम करीब साढ़े पांच बजेे रानी की सराय थाना क्षेत्र के ऊंची गोदाम बाजार के पास टाटा सूमो की टक्कर से रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि अन्य दोनों को मामूली चोटें आई।
गांव के लोगों ने घेरकर चालक को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी लेकिन रानी की सराय पुलिस वहां नहीं पहुंची। इस बीच चालक वहां से खिसक गया। उधर, शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती रोहित की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया किंतु रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोग शव को मेंहनगर ले गए। बुधवार को सवा आठ बजे ग्रामीण रोहित की लाश लेकर मेंहनगर कस्बे के जयनगर चौक पर पहुंचे और वहां शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। वे पुलिस और सूमो चालक के विरुद्ध कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे।
एसडीएम मेंहनगर, सीओ लालगंज कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। 11.30 बजे के करीब बातचीत के बीच ही ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें मेंहनगर थाने पर तैनात दरोगा नंदलाल यादव का सिर फट गया। जबकि सिपाही जयप्रकाश के हाथ में गंभीर चोट आई। हालत बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठी भांजने के साथ और रबर की गोलियां चलाई। इसमें पेट में गोली लगने से निन्हका देवी (50) पत्नी श्यामलाल, जांघ में गोली लगने से शैलेश राम (20) और छाती में चोट लगने से सूर्यभान राम (40) घायल हो गए और भीड़ तितर- बितर हो गई। दोपहर 12 बजे के करीब जाम समाप्त हो गया।
पुलिस ने रोहित की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव वालों का आरोप है कि रानी की सराय पुलिस कार्रवाई करने में हीलाहवाली कर रही है। उधर, वारदात की सूचना पर एसपी अजय कुमार साहनी, एडीएम प्रशासन आशुतोष द्विवेदी, एसपी सिटी डॉ. विपिन ताड़ा आदि मौके पर पहुंच गए। एसपी ने घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। एहतियात के तौर पर रोहित के घर और जयनगर चौक पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं।अभी इस मामले में केस दर्ज नहीं किया गया है।