बरदह थाना क्षेत्र के अवदह गांव में मकान और अतरौलिया थाना क्षेत्र के कनैला बाजार में तीन दूकानों का ताला तोड़कर गुरुवार की रात चोर 61 सौ रुपये नगदी सहित दो लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने चोरी गए सामानों का मिलान कर संबंधित थाने में तहरीर दी। पुलिस मौका मुआयना कर वापस लौट गई।
अवदह गांव निवासी जीयालाल विश्वकर्मा गुरुवार की रात परिवार के साथ सोए हुए थे। रात को सुनसान माहौल पाकर चोर इनके मकान के बगल में लगा दरवाजा तोड़ दिया और भीतर से दो बक्सा, तीन अटैची चुरा ले गए। चोर बक्सा और अटैची तोड़कर उसमें रखा आठ सौ रुपये नगदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये के आभूषण चुरा ले गए और कपड़ों को खेत में ही छोड़ दिया। जीयालाल ने बरदह थाने में सूचना दी। एसओ बरदह मौके पर पहुंचकर कर मुआयना किया।
इसीक्रम में अतरौलिया थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव निवासी कन्हैया की अतरौलिया थाना क्षेत्र के कनैला बाजार में मोबाइल की दूकान है। इसके बगल में गोविंदपुर गांव निवासी वीरेंद्र मौर्य की खाद, बीज की दूकान और अतरौलिया कस्बा निवासी रमेश सोनी का आभूषण की दूकान है। गुरुवार की रात तीनों दूकानों का ताला तोड़कर कन्हैया के दूकान से तीन सौ रुपये नगद और आठ नया मोबाइल, वीरेंद्र की दूकान से 20 पैकेट जिंक और रमेश की दूकान से पांच हजार रुपये नगद और पांच हजार रुपये के आभूषण चुरा लिया। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर दूकानदारों ने अतरौलिया थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
वहीं शहर कोतवाली क्षेत्र के खत्रीटोला मुहल्ला निवासी सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार विनोद श्रीवास्तव के घर में गुरुवार की रात ताला तोड़कर चोरी हुई। विनोद परिवार सहित दिल्ली गए हुए हैं। उनके मकान में ताला बंद था। गुरुवार की रात मकान का ताला तोड़कर चोरों ने घर को खंगाल डाला। शुक्रवार की सुबह पड़ोसियों ने टूटा ताला देख विनोद को बताया। शहर कोतवाल शिशिर त्रिवेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौका मुआयना कर लौट आई।