स्थानीय बाजार के रेलवे स्टेशन मोड़ पर स्थित एक किराना व्यवसायी के गोदाम का ताला तोड़कर चोर बीती रात करीब दस लाख रुपये मूल्य के सामान चुरा ले गए। गुरुवार की शाम करीब छह बजे वह गोदाम पर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। चोरी गए सामानों का मिलान कर उसने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित हीरालाल साहू रानी की सराय कस्बे के सोनवारा मोड़ के निवासी हैं। घर के पास उनकी किराने के थोक सामानों की दूकान है और स्टेशन रोड पर उनका गोदाम स्थित है। बुधवार की रात चोर गोदाम का ताला तोड़कर उसमें से पंद्रह लीटर के साढ़े तीन सौ डिब्बा रिफाइन तेल, 200 डिब्बा सरसो का तेल और नौ बोरी अरहर की दाल चुरा ले गए।
गुरुवार की शाम करीब छह बजे हीरालाल के यहां से थोक में सामान लेने के लिए एक ग्राहक पहुंचा तो वह सामान देने के लिए गोदाम गया। वहां पहुंचने पर गोदाम का टूटा हुआ ताला और भीतर से गायब सामान देखकर दंग रह गया। वह चोरी गए सामानों का मिलान कर थाने में तहरीर दिया। एसओ रानी की सराय बीबी सिंह ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसओ ने बताया कि आश्चर्य की बात है कि इतने बड़े पैमाने पर सामान बगैर गाड़ी के कोई कैसे ले जा सकता है। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।