सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ गांव निवासी जीते प्रधान को फोनकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। बार-बार धमकी भरे फोन आने से भयभीत प्रधान ने थाने पर सूचना देने के साथ ही शुक्रवार को एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। साथ ही कार्रवाई के लिए शिकायती पत्र सौंपा।
शाहगढ़ प्रधान महेंद्र मौर्य के अनुसार 16 दिसंबर की शाम करीब चार बजे और इसी दिन रात करीब साढ़े आठ बजे उनके मोबाइल पर दो बार फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम नहीं बताया, बल्कि पांच लाख रुपये बैठौली बाईपास पर बने पुलिस बूथ के पास पहुंचाने को कहा।
महेंद्र ने पहले तो किसी की शरारत समझकर अनसुनी कर दी लेकिन 17 दिसंबर की शाम करीब चार बजे पुन: धमकी भरा फोन आने के बाद वह भयभीत हो गया। तत्काल सिधारी थाने पर पहुंचकर एसओ से मिलकर तहरीर दी। पुलिस अभी अपनी कार्रवाई शुरू भी नहीं कर पाई कि 18 दिसंबर की सुबह करीब छह बजे के आसपास उसी बदमाश ने दूसरा नंबर बदलकर फोन किया और जल्द ही रुपया पहुंचाने को कहा।
बदमाश ने चेतावनी दी है कि यदि रुपया नहीं पहुंचा तो परिवार सहित सभी की हत्या कर दी जाएगी। धमकी भरा फोन आने से महेंद्र का परिवार भयभीत है। शुक्रवार को उसने एसपी से मिलकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसपी ने एसओ सिधारी को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया।
वहीं एसओ सिधारी रामनरेश यादव ने बताया कि अब तक की जांच में पता चला है कि महेंद्र अपने को चर्चित होने के लिए स्वयं नाटक रच रहा है। बहरहाल पुलिस उसके द्वारा उपलब्ध कराए गए नंबरों का डिटेल निकालकर खंगाल रही है।