फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानजहांपुर गांव के पास रविवार की रात करीब दस बजे चालक को गोली मारकर घायल करते हुए बदमाश स्कार्पियो लूट ले गए। किसी तरह से चालक ने पुलिस को सूचना दी तो उसे सीएचसी फूलपुर में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना स्थल को लेकर तीन थानों की पुलिस एक दूसरे थाने की बाद करते हुए उलझ गई।
बाद में एसपी ने एसओ रानी की सराय को जांच सौंपते हुए रिपोर्ट मांगी है। जांच के दौरान पता चला कि गाड़ी अंबेडकर नगर जिले के जलालपुर से आजमगढ़ के लिए बुक कराई गई थी। यहां से लौटते समय बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।अंबेडकर नगर जिले के जलालपुर थाने के माहिन मुहल्ला निवासी फहीम अशरफ (20) पुत्र मो. समीम स्कार्पियो गाड़ी रखे हुए है। रविवार को चार लोग उसके पास पहुंचे और आजमगढ़ जाने के लिए गाड़ी बुक कराए।
रात करीब आठ बजे फहीम उन सभी को लेकर आजमगढ़ शहर पहुंचा। यहां कुछ देर तक इधर-उधर घूमने के बाद उन लोगों ने सरायमीर छोड़ने को कहा। सरायमीर जाते समय रास्ते में रानी की सराय ढाबे पर सभी लोग भोजन किए। निजामाबाद थाने के फरिहा बाजार के पास पहुंचने पर बदमाश फहीम को तमंचा सटाकर गाड़ी खुद चलाने लगे। एक बदमाश स्टेरिंग संभाल लिया।
जबकि तीन ने फहीम का हाथ पैर बांधकर उसे सरायमीर थाने और फूलपुर कोतवाली से सटे खानजहांपुर के पास गाड़ी से नीचे फेंक दिया। इस दौरान बदमाशों ने फहीम को एक गोली मारीजो उसके बाएं हाथ में लगी। खून से लतपथ फहीम कुछ देर तक मौके पर पड़ा रहा।