रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ रविवार शाम एक युवक ने दुराचार किया। घरवालों ने जब इसकी सूचना थाने पर दी तो पुलिस टालमटोल करने लगी। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के दबाव बनाने पर पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित किशोरी को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भेजवा दी। किशोरी दसवीं की छात्रा है।
किशोरी आठ मई, रविवार की शाम गांव की ही अपनी सहपाठी के घर किताब लेने गई थी। इसी दौरान रास्ते में उसके गांव के राजेश साहनी ने उसे पकड़ लिया। छात्रा को अपने घर में ले जाकर बलात्कार किया। उधर, छात्रा के घरवाले जब उसे ढूंढने लगे तो राजेश दरवाजा बाहर से बंद कर निकल गया। गांव वालों ने बताया कि किशोरी राजेश के घर में ही है। इस पर किशोरी के घर वाले जब राजेश के घर में गए तो वह बेहोश पड़ी मिली।
घटना के दूसरे दिन सोमवार को घरवालों ने रौनापार थाने के महुला पुलिस चौकी पर शिकायत की लेकिन पुलिस कार्रवाई के बजाए उन सभी को घर भेज दी। पुलिस के हीलाहवाली पर किशोरी के घरवाले क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मिले। उनके दबाव बनाने पर मंगलवार को राजेश के विरुद्ध बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज की गई। प्रभारी सीओ सगड़ी राधेश्याम ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है।