थाना क्षेत्र स्थित सरायमीर कस्बे से सटे पुरवा गांव में शनिवार को छठ मइया की मूर्ति को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। समीप ही थाना होने के चलते भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई और मामले को संभाला। देर रात समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में तनाव व्याप्त था। पुलिस दोनों समुदायों के बुद्धिजीवियों को थाने में बैठाकर मामला सुलटवाने की कोशिश कर रही थी।
जानकारी के अनुसार कस्बे के लोग पुरवा गांव के पास के तालाब किनारे प्रत्येक वर्ष छठ मइया की प्रतिमा स्थापित करते हैं। रविवार को पूजा के चलते लोग प्रतिमा को दूसरे समुदाय की बस्ती के पास के रास्ते से ले जा रहे थे कि वहां के लोगों ने रोक दिया, जिसके बाद तू-तू, मै-मै होने लगी। दोनों समुदायों के बीच बात बढ़ गई, जिसके बाद लोग आमने-सामने आ गए। सूचना मिलते ही समीप स्थित थाने से पुलिस पहुंच गई। आसपास के थानों की फोर्स भी बुला ली गई। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले गई। देर रात समाचार लिखे जाने तक थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो रही थी।
पिछले साल भी हुआ था तनाव
मालूम हो कि पिछले वर्ष भी प्रतिमा को इस रास्ते से ले जाने को लेकर तनाव बढ़ा था। पुलिस के हस्तक्षेप से मामला किसी तरह शांत हुआ था।
छठ मइया की प्रतिमा को ले जाने का रास्ता पहले से निर्धारित था। कुछ लोग गलत रास्ते से प्रतिमा ले जा रहे थे। दोनों पक्षों को समझाया गया है। निर्धारित रास्ते से ही प्रतिमा को ले जाने पर सहमति बनी है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण मेें है। - शैलेंद्र सिंह, एसपी (ग्रामीण)