रौनापार थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव के पास वाहन की टक्कर से छात्र की मौत हो गई। वह बीटेक द्मह्म् प्रवेश परीक्षा देकर लखनऊ से लौट रहा था। शुक्रवार की भोर में सड़क पर शव देख क्षेत्रवासियों ने पुलिस को सूचना दी। सुबह पांच बजे से आठ बजे तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और सीमा विवाद में उलझी रही। पुलिस की उदासीनता से नाराज लोगों ने मौके पर बांस बल्ली और बाइक लगाकर आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग को जाम कर दिया। प्रमुख मार्ग पर यातायात बाधित होने की सूचना से हलाकान सीओ सगड़ी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ के निर्देश पर एसओ रौनापार ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बरम्हौली गांव निवासी चंद्रभान राम का उन्नीस वर्षीय बेटा परमानंद चार भाई और तीन बहनों में बड़ा था। वह गुरुवार को लखनऊ के किसी कालेज में बीटेक प्रवेश की परीक्षा देकर घर लौट रहा था। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट और रौनापार थाना क्षेत्र के महुला से सटे केशवपुर गांव के पास अज्ञात वाहन के टक्कर से परमानंद की मौत हो गई। उसकी लाश आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर पड़ी हुई थी।
शुक्रवार की भोर में लोगों ने लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी। जानकारी होने पर महुला चौकी प्रभारी अजीत चौधरी और लाटघाट चौकी प्रभारी ओमसिंह यादव मौके पर पहुंचे। परमानंद के पास से मिले कागजात के आधार पर उसके घर वालों को जानकारी दी। पुलिस घरवालों को सूचना देने के बाद सीमा विवाद में उलझ गई और दोनों चौकी प्रभारी सिपाहियों के साथ चले गए। अलसुबह पांच बजे से आठ बजे तक लाश सड़क पर पड़ी देख क्षेत्र के लोग आक्रोशित हो गए और कार्रवाई की मांग करते हुए आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। आवागमन बाधित होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
गर्मी के चलते लोगों का हाल बेहाल रहा। राष्ट्रीय मार्ग पर यातायात बाधित होने से हलाकान सीओ सगड़ी एसओ रौनापार और जीयनपुर के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ सोहराब आलम के निर्देश पर एसओ रौनापार ने परमानंद की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। सीमा विवाद के मुद्दे पर उन्होंने लोगों को जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया।