पवई थाना क्षेत्र के बागबहार गांव निवासी एक व्यक्ति ने कोर्ट के आदेश पर अपने जिंदा बेटे की हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी और उसकी पत्नी, सास, ससुर सहित पांच लोगों को आरोपित कर दिया। पुलिस की जांच में रहस्य से पर्दा उठने पर लोग हतप्रभ रह गए।
एसओ पवई तेजबहादुर सिंह ने बताया कि पवई थाने के बागबहार गांव निवासी रामलोचन मौर्या के बेटे वीरेंद्र की शादी अंबेडकर नगर जिले के जलालपुर थाने के उसरहा गांव निवासी किरन पुत्री मानिकलाल मौर्य के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद वीरेंद्र और किरन के बीच अनबन हो गई। किरन मायके चली गई। वीरेंद्र हरियाणा में नौकरी करने चला गया लेकिन इसके बाद उसने किसी से संपर्क नहीं किया। वहीं पर वीरेंद्र ने दूसरी शादी कर ली। जबकि किरन के घरवालों ने भी उसकी कहीं शादी कर दी।
इधर, वीरेंद्र का कोई पता न चलने पर उसके पिता रामलोचन मौर्य ने कोर्ट में वीरेंद्र की पत्नी किरन, ससुर मानिकलाल, सास केसरी देवी, साले राकेश और दुर्गेश पर हत्या कर लाश कहीं गायब करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दायर कर दिया। कोर्ट ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया तो इसकी जांच शुरू हुई।
छानबीन के बाद सच सामने आया। एसओ ने बताया कि वीरेंद्र और किरन अपनी-अपनी शादी कर जीवन यापन कर रहे हैं। ऐसे में वीरेंद्र की हत्या की दर्ज की गई केस में फाइनल रिपोर्ट लगाकर कोर्ट में प्रस्तुत कर दिया जाएगा। जो आदेश मिलेगा, उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।