सिधारी थाना क्षेत्र के मड़या जयरामपुर मुहल्ला निवासी बिंदू गुप्ता पत्नी श्रवण कुमार गुप्ता ने नगर कोतवाली में नगरपालिका अध्यक्ष इंदिरादेवी जायसवाल, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा सहित सात लोगों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में बिंदू ने आरोप लगाया कि उनके विपक्षियों के साथ मिलकर इन लोगों ने उनकी भूमिधरी की जमीन में पाइप लाइन बिछाने के साथ ही रास्ता बनवा दिया।
बिंदू ने आरोप लगाया कि नगरपलिका प्रशासन ने उसके विपक्षियों की साजिश में आकर उसकी भूमिधरी आराजी नंबर 76 रकबा 0460 एअर में बिना उसकी सहमति के बुधवार की सुबह पाइप लाइन डाली और रास्ता बनवाया। जब इस संबंध में उनसे बात की तो वे लोग मारपीट पर उतारू हो गए। उन्होंने धमकी भी दी। इस मामले में बिंदू ने कोतवाली पुलिस ने बुधवार की शाम नगरपालिका अध्यक्ष इंदिरा देवी जायसवाल, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, विपक्षी पीयूष पाल, राजकुमार मौर्य, पादरी, ललित पाल और सतिराम पाल के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली पुलिस बिंदू की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
संबंधित भूखंड पर नगरपालिका की ओर से कोई निर्माण नहीं कराया गया है। जिस भूखंड की बात की जा रही है, उसके पीछे की जमीन पर निर्माण कराया गया है। शिकायतकर्ता की जमीन पर गांव के लोगों ने निर्माण कराया है। - इंदिरा देवी जायसवाल, अध्यक्ष नगरपालिका, आजमगढ़