दीदारगंज थाना क्षेत्र के करुई गांव में सोमवार की शाम चार बजे संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जबकि ससुरालवालों का कहना है कि फांसी लगाकर उसने जान दी है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा। उसके तहत पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के करुई गांव निवासी पप्पू राजभर की शादी वर्षों पहले फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के आंधीपुर गांव निवासी रीता देवी (35) के साथ हुई थी। इस दौरान रीता दो बच्चों की मां बनी थी। सोमवार की शाम रीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के संबंध में रीता के भाई बालेदीन राजभर ने मंगलवार को दीदारगंज थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें अपने जीजा पप्पू राजभर को आरोपित किया है।
बालेदीन की तहरीर के मुताबिक सोमवार की शाम चार बजे पप्पू शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और अपनी पत्नी रीता देवी से विवाद कर मारपीटकर उसकी हत्या कर दी। जबकि पप्पू के घर वालों सहित आसपास के लोगों का कहना है कि झगड़ा से नाराज होकर रीता ने फांसी लगाकर जान दे दी है। प्रभारी निरीक्षक दीदारगंज राजकुमार सिंह ने बताया कि बालेदीन की तहरीर के आधार पर पप्पू के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा। उसके तहत कार्रवाई की जाएगी।