जमीन संबंधी विवाद को लेकर हुई कहासुनी के दौरान मंझरिया गांव में होमगार्ड ने असलहा लेकर अधेड़ को दौड़ा लिया। भागते समय गिरने से अधेड़ की मौत हो गई। घरवालों का कहना है कि हार्टअटैक से मौत हुई, लेकिन डाक्टरों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में केस दर्ज नहीं हुआ है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मंझरिया गांव निवासी उमाकांत मौर्य (45) का पड़ोसी राजमंगल मौर्य से जमीन का विवाद चलता है। राजमंगल होमगार्ड होने की वजह से धौंस जमाता है। रविवार को राजमंगल मौर्य विपक्षी उमाकांत मौर्य के दरवाजे के सामने खिड़की खोल रहा था। इसका उमाकांत ने विरोध किया।
आरोप है कि कहासुनी हुई और राजमंगल ने असलहा लेकर उमाकांत को दौड़ा लिया। भय के चलते उमाकांत भागा और कुछ दूर जाकर गिर गया, जहां उसकी मौत हो गई। आरोपी पक्ष के लोग भाग गए। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। उमाकांत मौर्य के दो बेटे हैं। उसके चचेरे भाई अजय मौर्य ने तीन लोगों के विरुद्ध तहरीर दी। सीओ सगड़ी सोहराब आलम ने बताया कि रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। पुलिस जांच कर रही है।