जहानागंज थाना क्षेत्र के बसगीत गांव में गुरुवार सुबह प्रधान पद के प्रत्याशी सुनील सरोज पर नकाबपोश बदमाशों ने फायर झोंक दिया। गोली उसके बगल से गुजर गई। प्रत्याशी एक माह पहले ही जेल से रिहा हुआ है।
श्यामबाबू गिरोह से संबंध रखने वाले प्रत्याशी पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में पुलिस ने तीन पर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बसगीत गांव में प्रधान पद का प्रत्याशी सुनील सरोज गुुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे बाइक से प्रचार के लिए निकला जबकि उसके समर्थक पीछे थे। जैसे ही रणधीर यादव के मकान के समीप पहुंचा कि सामने से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश मुंह बांधे आए और उस पर फायरिंग कर दी।
सुनील बाइक से कूद पड़ा और गोली पास से गुजर गई। बदमाशों ने दो गोली और दागी लेकिन उसे लगी नहीं। एसओ राजेश प्रसाद यादव ने बताया कि सुनील पर तीन लूट, एक आर्म्स एक्ट सहित कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।