खजुरी बाजार में स्थित एक नर्सिंग होम संचालक और उसके कंपाउंडर को घायल कर बदमाशों ने सोमवार की रात 15 हजार रुपये लूट लिए। जाते हुए वह दोनों के गले से चेन भी छीन ले गए। प्रधान के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में थाने पर पहुंचे ग्रामीण कार्रवाई की मांग करने लगे। एसओ ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का भरोसा दिया, तब जाकर लोग शांत हुए। तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अहरौला थाना क्षेत्र के अभयपुर गांव निवासी डा. अरविंद कुमार यादव खजुरी बाजार के अभयपुर रोड पर नर्सिंग होम चलाते हैं। सोमवार को अस्पताल पर डाक्टर के अलावा कंपाउंडर रामधेज यादव मौजूद था। रामधेज अहरौला थाना क्षेत्र के इमिलिया सकरकोला गांव का निवासी है। रात करीब नौ बजे एक बाइक पर सवार तीन युवक बगैर नंबर प्लेट की बाइक से नर्सिंग होम पर पहुंचे।
घुसते ही बदमाशों ने डाक्टर और कंपाउंडर को तमंचा सटा दिया और लात, घूसों से पीटकर घायल कर दिया। इस दौरान एक बदमाश ने काउंटर से 15 हजार रुपये निकाले और गले से चेन छीनकर फरार हो गए। अरविंद के भाई चंदर यादव गांव के प्रधान हैं। जानकारी होने पर प्रधान सहित समर्थक कार्रवाई की मांग करते हुए थाने पहुंच गए। एसओ अहरौला विजय प्रताप यादव प्रधान से तहरीर ले लिया और कार्रवाई का भरोसा दिया।