गन्ने के खेत में गड़ी हुई लाश को खुदवाकर निकलवाती पुलिस।
- फोटो : azamgarh
महराजगंज थाना क्षेत्र के करिया का पूरा गांव में शनिवार की दोपहर गन्ने खेत में दफनाई हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने लाश निकाली। शव की शिनाख्त न होने पर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। शव के दोनों हाथ और एक पैर गायब है। काफी दिनों तक दबा होने की वजह से लाश क्षत विक्षत हो चुकी है।
सीओ सदर सोहराब आलम ने बताया कि करिया का पूरा गांव के दक्षिण सड़क से सटा एक व्यक्ति के खेत में गन्ने की फसल बोई हुई है। शनिवार की दोपहर खेत में काफी संख्या में कुत्ते इकट्ठा थे। यह देख लोग वहां जुट गए। इसी बीच किसी ने खेत में जाकर देखा तो गड्ढा खोदकर पाटा गया था। कुछ दूर पर चप्पल पड़े थे। शक होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शाम करीब पांच बजे एसओ महराजगंज शिशिर त्रिवेदी मौके पर पहुंचे।
गांव वालों की मदद से गड्ढा खोदकर शव को बाहर निकाला गया। सीओ ने बताया कि मरने वाले की उम्र 30 से 40 वर्ष के आसपास होगी। उसके दोनों हाथ और बायां पैर गायब है। अनुमान लगाया जा रहा कि हत्या करने से पहले आरोपी ने हाथ और पैर काटकर अन्यत्र फेंक दिए हैं और शव यहां गाड़ दिया।