फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर डगरा गांव के पास मंगलवार की दोपहर बैंक से रुपया निकालकर जा रहे ठेकेदार को घायल कर बाइक सवार बदमाशों ने एक लाख लूट लिए। बदमाश मोबाइल और बाइक की चाबी भी साथ ले गए।
घटना की जानकारी होने पर फूलपुर और पवई थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। सीओ ने विवाद सुलझाते हुए घटनास्थल पवई थाना क्षेत्र में होने की बात कहते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
कासिमपुर गांव निवासी श्रीराम यादव ठेकेदारी करते हैं। मजदूरी के लिए श्रीराम यादव मंगलवार दोपहर पवई थाने के मैगना बाजार में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से एक लाख रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में फूलपुर कोतवाली के हाजीपुर डगरा के पास पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन बदमाश श्रीराम को ओवरटेक करते हुए बाइक में टक्कर देकर उसे गिरा दिए।
अभी वह उठ भी नहीं पाया था कि बदमाश अपनी बाइक से उतरे और उसके कनपटी पर तमंचे के बट से हमला कर घायल कर दिया। बदमाश श्रीराम के जेब से एक लाख रुपया, मोबाइल और बाइक की चाबी लेकर फरार हो गए। ठेकेदार ने किसी तरह से पुलिस कंट्रोल रूम में घटना की जानकारी दी।
कुछ ही देर में वहां कोतवाल फूलपुर और एसओ पवई पहुंच गए। पहले तो दोनों थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। लेकिन कुछ देर बाद वहां सीओ फूलपुर सत्येंद्र कुमार सिंह पहुंचे। आसपास के लोगों से बात करने के बाद उन्होंने घटनास्थल का निर्धारण पवई थाना क्षेत्र में होना तय किया।
सीओ और दोनों थानों की पुलिस ठेकेदार को लेकर पंजाब नेशनल बैंक मैगना बाजार पहुंचे। सीओ सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। घटना के संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है।