एसबीआई का फर्जी कैशियर बनकर एक जालसाज ने गुरुवार की शाम कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी एक महिला से एटीएम कार्ड का नंबर और गुप्त कोड पूछ लिया। इसके बाद, उसके खाते से करीब 36 हजार रुपये निकाल लिया। शुक्रवार को बैंक पहुंचने पर महिला को इसकी जानकारी हुई।
पीड़िता रेखा देवी के मोबाइल पर गुरुवार को फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई बासदेवनगर कोइनहा का कैशियर बताया। उसने एटीएम की अवधि समाप्त होने की बात कहते हुए रेखा से कार्ड का नंबर और कोड पूछा। बैंक का कैशियर समझ रेखा ने उसे नंबर बता दिया।
शाम को पति रामकेश के घर पहुंचने पर उसने सारी बात बताई। दूसरे दिन, शुक्रवार को पति-पत्नी बैंक पहुंचे और फोन के संबंध में जानकारी चाही तो पता चला कि कोई जालसाज फर्जी तरीके से कोड और कार्ड नंबर पूछकर खाते से 35800 रुपये निकाल लिया है। एसओ कप्तानगंज अनिल प्रकाश सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
एटीएम कार्ड बदल निकाला 25 हजार ः शहर कोतवाली क्षेत्र के मिल्लतनगर अराजीबाग मुहल्ला निवासी शहेदा खान पुत्री जकीरुद्दीन खान ने गुरुवार को थाने में एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि 18 मई की शाम उसकी छोटी बहन एटीएम कार्ड लेकर शहर के पहाड़पुर मुहल्ला स्थित एटीएम से रुपये निकालने पहुंची।
वहां पहले से दो जालसाज मौजूद थे। वे दोनों शहेदा की बहन से उसका कार्ड लेकर देखने लगे और बदलकर उसे दूसरा थमा दिया। दोनों जालसाज कार्ड बदलकर खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। शहर कोतवाल राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक फरीद मुहम्मद अंसारी को सौंपी गई है।